
जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के 28 नंबर रोड के पास मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए। घायलों में एक की पहचान प्रवीण के रूप में हुई है, जो 10 नंबर बस्ती का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दूसरे घायल की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। साथ ही प्रवीण के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
बताया जा रहा है कि घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आगे की जांच में जुट गई है।
