जुगसलाई में हत्या की साजिश नाकाम, दो आरोपी गिरफ्तार, हथियार और देसी कट्टा बरामद


जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या की साजिश रचने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो भारी धारदार हथियार तथा एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
सिटी S Pललित मीणा ने बताया कि पहलवानडेरा निवासी मो. निजाम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि घाघीडीह जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड अपने गिरोह के सदस्यों के माध्यम से उसकी हत्या कराने की लगातार साजिश रच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और डीएसपी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच में सामने आया कि मो. खुर्शीद के निर्देश पर उसके सहयोगी मो. आयन अली उर्फ अयान बच्चा और मो. इमरान उर्फ अलटु बच्चा ने मो. निजाम की रेकी कर उस पर हमला करने की योजना बनाई थी। दोनों आरोपी लोहे के भारी धारदार हथियार लेकर हत्या के इरादे से पहुंचे थे, लेकिन मो. निजाम किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहा। इस संबंध में जुगसलाई थाना में कांड संख्या 75/26 दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उनकी निशानदेही पर आजाद खटाल मैदान स्थित झाड़ियों से दो धारदार हथियार और एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया गया। अवैध हथियार मिलने के बाद जुगसलाई थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत एक अलग मामला भी दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में हुसैनी लाइन, गौरीशंकर रोड निवासी मो. आयन अली उर्फ अयान बच्चा तथा दस्ताना बाड़ी निवासी मो. इमरान उर्फ अलटु बच्चा शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि अयान बच्चा के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *