पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजयुमो का महारक्तदान शिविर, बड़ी संख्या में युवाओं ने किया रक्तदान


जमशेदपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर द्वारा महारक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। बिष्टुपुर स्थित जमशेदपुर ब्लड बैंक में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
शिविर का उद्घाटन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी पहुंचे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंद लोगों की जान बचाने में मदद मिलती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।
भाजयुमो महानगर अध्यक्ष नितेश राज ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण के भाव के साथ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में महारक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान देने का प्रयास किया जा रहा है।
रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप हेलमेट और टी-शर्ट प्रदान किए गए। आयोजकों ने बताया कि हेलमेट वितरण का उद्देश्य केवल सम्मान देना ही नहीं, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है। कार्यक्रम के माध्यम से सुरक्षित यातायात और जीवन रक्षा का संदेश दिया गया।
शिविर के सफल आयोजन में भाजयुमो के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा और रक्तदान के लिए लोगों की लगातार भागीदारी देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *