आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों के अधिकारों को लेकर यूनियन का प्रदर्शन, मानव श्रृंखला बनाकर उठाई आवाज


सरायकेला: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों की समस्याओं, श्रम अधिकारों और कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाओं की मांग को लेकर कोल्हान सह टायो मजदूर यूनियन के बैनर तले सैकड़ों मजदूरों ने प्रदर्शन किया। यूनियन के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अरविंद सिंह के नेतृत्व में आदित्यपुर खरकई पुल से विशाल मानव श्रृंखला बनाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने अपने अधिकारों और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियों की मांग उठाई। इसके बाद गम्हरिया स्थित घोड़ा बाबा मंदिर परिसर में एक जनसभा का आयोजन किया गया, जहां श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अरविंद सिंह ने कहा कि यह आंदोलन किसी उद्योग या प्रबंधन के विरोध में नहीं, बल्कि मजदूरों के हितों और उनके सम्मान की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि उद्योगों की प्रगति में श्रमिकों की अहम भूमिका होती है, इसलिए उनके श्रम का उचित मूल्यांकन और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जानी चाहिए।
अरविंद सिंह ने औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ते कार्य घंटों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पहले जहां आठ घंटे की तीन शिफ्टों में काम होता था, वहीं अब कई संस्थानों में 12 घंटे तक काम लिया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि दूर-दराज से आने वाले कई मजदूर सीमित वेतन पर लंबी अवधि तक कार्य करने को मजबूर हैं और उन्हें पर्याप्त सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि उद्योगों का विकास और मजदूरों की सुरक्षा दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। श्रमिकों को सम्मानजनक कार्य वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।
जनसभा को मजदूर नेता शैलेश पाण्डेय, केशव मिश्र, शशी मिश्र, ओम प्रकाश मिश्रा और अजय कुमार शर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कुमार बसंत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जवाहरलाल महाली ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिक और यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *