
चांडिल संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को चांडिल प्रखंड अंतर्गत भुइयांडीह में आजसू पार्टी द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय ग्रामीणों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लेकर बाबा साहेब को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का नेतृत्व आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो एवं वरिष्ठ नेता घासीराम लायक ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारतीय संविधान का निर्माण कर देश को एक मजबूत लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया। उन्होंने समाज के वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके विचार आज भी समाज में समानता, न्याय और भाईचारे की स्थापना के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
नेताओं ने यह भी कहा कि बाबा साहेब का जीवन हमें शिक्षा, संगठन और संघर्ष के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त कर एक समतामूलक समाज की स्थापना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के दौरान “भीमराव अंबेडकर अमर रहें” एवं “संविधान निर्माण अमर रहे” जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा, जिससे कार्यक्रम में जोश और उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान बहादुर लायक, आजसू केंद्रीय महासचिव सत्यनारायण महतो, प्रोफेसर रविशंकर मौर्या, दुर्गा चरण महतो, जीतू राम महतो, पुलक सथपति, नंदन कुंज पात्र, प्रवीण महतो, गौरीशंकर लायक, भोलानाथ महतो, बासुदेव प्रमाणिक, गोपेश महतो, अरुण महतो, कमलाकांत दास, तुलसी महतो, राजीव महतो, राजकिशोर महतो, बिजय मोदक, भुवन लोहार, दिलीप दास सहित अन्य कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद थे।
