
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) कांटासोल में अध्ययनरत विद्यार्थियों के अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है। अभिभावकों ने विद्यालय की वर्तमान व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने तथा आवश्यक होने पर प्राचार्य के स्थानांतरण सहित प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में अभिभावकों ने आरोप लगाया है कि विद्यालय का संचालन, अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्था अपेक्षित स्तर पर नहीं चल रही है, जिसका असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और सुविधाओं पर पड़ रहा है। उनका कहना है कि समय-समय पर समस्याओं और सुझावों को विद्यालय प्रबंधन के समक्ष रखने के बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
अभिभावकों ने कई बिंदुओं को उठाते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और देखरेख को लेकर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों को नदी में स्नान के लिए भेजा जाता है तथा पूर्व में एक छात्रा के हॉस्टल से बाहर चले जाने की घटना भी सामने आ चुकी है। इसके अलावा विद्यार्थियों पर अनुचित आरोप लगाने, निर्धारित मेन्यू के अनुरूप भोजन उपलब्ध नहीं कराने तथा भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि कई बार सब्जियों में कीड़े मिलने की शिकायत भी सामने आई है।
इसके साथ ही अभिभावकों ने विद्यालय में नियमित अभिभावक-शिक्षक बैठक नहीं होने, विद्यार्थियों को समय पर तेल, साबुन, टूथपेस्ट, ब्रश और सैनिटरी पैड जैसी आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं कराने तथा कॉपी-कलम जैसी शैक्षणिक सामग्री के वितरण में अनियमितता का आरोप लगाया है।
अभिभावकों ने उपायुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि जांच में प्रशासनिक खामियां और अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल, अनुशासन, पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करना है।