
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। क्रॉस रोड नंबर-20 स्थित क्वार्टर संख्या एल-4/11 को निशाना बनाते हुए चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, क्वार्टर टाटा स्टील कर्मी सुब्रतो दास का है। उनकी पत्नी अंबिका दास पास स्थित रामकृष्ण मिशन स्कूल में शिक्षिका हैं। घटना के समय सुब्रतो दास ड्यूटी पर थे, जबकि उनकी पत्नी स्कूल में मौजूद थीं। दोपहर करीब 12:45 बजे जब सुब्रतो दास घर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि क्वार्टर का अंदरूनी दरवाजा खुला हुआ है और कमरे का सामान बिखरा पड़ा है।
जांच करने पर पता चला कि चोरों ने घर के भीतर रखी दो अलमारियों के ताले तोड़ दिए थे। अलमारी में रखे नकद 30 हजार रुपये तथा करीब 40 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। इसके बाद परिजनों ने तत्काल सिदगोड़ा थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज में वह व्यक्ति क्वार्टर के पीछे की ओर से घर में प्रवेश करता और कुछ देर बाद बाहर निकलता दिखाई दे रहा है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। वहीं, चोरी गए सामान का आकलन भी किया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की घटना ने क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।