ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकानों में पहुंची महिला, पायल और नथिया लेकर हुई फरार


जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र की दो आभूषण दुकानों में एक महिला द्वारा ग्राहक बनकर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने पहले दुकान में आभूषण खरीदने के बहाने प्रवेश किया और सामान देखने के दौरान मौका पाकर पायल व नथिया लेकर फरार हो गई। घटना के बाद क्षेत्र के ज्वेलरी व्यवसायियों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, महिला सबसे पहले कदमा स्थित लक्ष्मी ज्वेलर्स पहुंची, जहां उसने ग्राहक बनकर विभिन्न आभूषण देखने शुरू किए। इसी दौरान उसने एक जोड़ी पायल पसंद करने का नाटक किया। इसके बाद वह माणिक चंद ज्वेलर्स भी पहुंची और वहां भी आभूषण दिखाने को कहा। दुकानदारों का आरोप है कि आभूषण देखने के क्रम में महिला ने चालाकी से पायल और नथिया अपने कब्जे में कर ली और मौका मिलते ही दुकान से निकल गई।
घटना का पता चलने पर दुकानदारों ने अपने स्तर पर महिला की तलाश शुरू की और आसपास के अन्य ज्वेलरी कारोबारियों को भी सतर्क किया। मामले की सूचना संबंधित लोगों को दे दी गई है। ज्वेलरी व्यवसायी शंकर प्रसाद वर्मा ने बताया कि महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि फुटेज के आधार पर महिला की पहचान हो सकेगी और चोरी की पूरी वारदात का खुलासा होगा। फिलहाल ज्वेलरी दुकानदारों ने ग्राहकों के रूप में आने वाले संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रखने का निर्णय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *