घर लौट रही युवती से मोबाइल छीनकर फरार हुए उचक्के, पुलिस जांच में जुटी


जमशेदपुर: शहर में मोबाइल छिनतई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। जवाहर नगर रोड नंबर-15 का है, जहां काम से घर लौट रही एक युवती उचक्कों का शिकार हो गई।
जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर रोड नंबर-15 निवासी जगत यादव की पुत्री सुमन कुमारी अपने काम से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान वह ब्रह्मा पथ होकर अपने घर जा रही थीं। रास्ते में पहले से घात लगाए अज्ञात उचक्कों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
घटना इतनी अचानक हुई कि सुमन कुमारी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में छिनतई और चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
पीड़िता ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और उचक्कों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *