
झारखंड की पूर्व मंत्री विमला के निधन के बाद सिमडेगा के बगडांड गांव पालामाड़ा नदी तट पर आज पूरे राजकीय सम्मान के इनका अंतिम संस्कार किया गया।
बता दें कि एक लंबी बीमारी के कारण रांची के एक निजी अस्पताल में पूर्व मंत्री विमला प्रधान का निधन इलाज के क्रम में शुक्रवार की रात हो गया। जिसके बाद शनिवार को राज्य सरकार ने पूर्व मंत्री विमला प्रधान का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ करने का निर्देश जारी किया। सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन राजकीय सम्मान के साथ पूर्व मंत्री के अंत्येष्टि की सारी तैयारियां किए। आज सिमडेगा के बगडांड गांव स्थित पालामाड़ा नदी तट पर पूर्व मंत्री विमला प्रधान का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। पूर्व मंत्री विमला प्रधान का पार्थिव शरीर नदी तट पर आने के बाद उन्हें सिमडेगा पुलिस द्वारा अंतिम सलामी दी गई। इस दौरान पुलिस कमांडर सहित 21 जवानों द्वारा 05 राउंड फायरिंग कर सलामी दी गई। इस दौरान डीसी एसपी सहित कई अधिकारी, जवान सहित शहर के सैकड़ों लोग मौजूद रहे। राजकीय सम्मान की प्रक्रिया के बाद सामाजिक रीति रिवाज से पूर्व मंत्री विमला प्रधान का अंतिम संस्कार किया गया। मुखाग्नि उनके बड़े पुत्र मनीष मणिकांत प्रधान ने किया।
इसके पहले पूर्व मंत्री विमला के सिमडेगा स्थित आवास पर उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। जहां कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी, डीसी सिमडेगा कंचन सिंह, एसपी सिमडेगा श्रीकांत एस खोटरे, एसडीओ सुमंत तिर्की, एसडीपीओ धर्मदेव पासवान, सदर सीओ इम्तियाज अहमद, नगर परिषद उपाध्यक्ष दीपक रिंकू सहित कई लोगों ने उनके श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना किए।