
सरायकेला जिले के चौका थाना अंतर्गत टाटा- रांची नेशनल हाईवे संख्या 33 पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. जहां चौका और चांडिल के बीच मुखिया होटल के सामने बोलेरो और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच आमने- सामने की जोरदार टक्कर हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि बोलेरो चौड़ा गांव से टाटा की ओर जा रही थी, तभी सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा- तफरी मच गई और कुछ देर तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
