
चांडिल वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार सुबह कुकडू प्रखंड के तिरुलडीह पंचायत अंतर्गत सापारुम गांव में हाथियों के हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के तांती टोला निवासी राधा तांती (60) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह शौच के लिए जंगल की ओर गया था, इसी दौरान उसका सामना हाथियों के झुंड से हो गया। करीब छह हाथियों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वन विभाग ने तत्काल सहायता के रूप में 50 हजार रुपये दिए हैं, जबकि शेष मुआवजा बाद में देने की बात कही गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक महीने से हाथियों का झुंड इलाके में डेरा डाले हुए है और लगातार गांवों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लोगों में रोष है।
