जमशेदपुर में देर रात दो सड़क हादसे: एक की मौत, अवैध पार्किंग पर उठे सवाल

Spread the love

जमशेदपुर: शहर में देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने यातायात सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया स्थित सर्किट हाउस के पास एक स्कूटर सवार की डिवाइडर से टकराने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ा, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान आधार कार्ड के जरिए सोनारी रामनगर निवासी बलीराम रजक (55) के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वहीं, गोविंदपुर थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर स्थित पानी टंकी के पास एक कार सड़क किनारे खड़े हाईवा से टकरा गई। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों को हल्की चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानमाल का बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों के किनारे भारी वाहनों की अवैध पार्किंग लगातार दुर्घटनाओं को न्योता दे रही है। मरीन ड्राइव, भुइयांडीह मेन रोड और पुराने एमजीएम अस्पताल मार्ग समेत कई जगहों पर ऐसे हालात आम हैं। बावजूद इसके, जिम्मेदार विभाग की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *