
बिहार के मुजफ्फरपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां पत्नी से विवाद और बेरोजगारी से परेशान एक युवक आत्महत्या के इरादे से रेलवे ट्रैक पर लेट गया।युवक को देखकर मौके पर मौजूद राहगीरों ने सूझबूझ दिखाई और उसकी जान बचा ली।घटना मुजफ्फरपुर रामदयालु नगर रेलखंड के भगवानपुर ओवरब्रिज के नीचे की बताई जा रही है। युवक का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सिकंदरपुर थाना क्षेत्र निवासी युवक रेलवे पटरी पर सिर रखकर लेट गया और ट्रेन का इंतजार करने लगा। आत्महत्या का कदम उठाने से पहले युवक ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल कर इसकी जानकारी भी दी थी। वायरल वीडियो में युवक ट्रेन से कटने की बात कहते हुए मोबाइल फोन दिखाता नजर आ रहा है।इसी दौरान वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों की नजर युवक पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर युवक को पटरी से हटाया। लोगों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। यदि समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया जाता, तो युवक की जान जा सकती थी।रेलवे ट्रैक से हटाने के बाद स्थानीय लोगों ने युवक को शांत कराया और उससे बातचीत की। वीडियो में युवक यह कहते हुए सुनाई देता है कि वह पत्नी की लगातार शिकायतों और बेरोजगारी से मानसिक रूप से परेशान है। उसका आरोप है कि पत्नी उसे ताने देती है और कई बार खाना तक नहीं देती। युवक ने बताया कि काम न मिलने के कारण वह पत्नी की इच्छाएं पूरी नहीं कर पा रहा, जिससे घर में रोजाना झगड़े होते हैं।
मानसिक दबाव में आकर ही उसने आत्महत्या का फैसला लिया था। काफी देर तक समझाने के बाद स्थानीय लोगों ने युवक को घर भेज दिया। फिलहाल युवक सुरक्षित बताया जा रहा है।
