चांडिल। (जगन्नाथ चटर्जी) प्रखंड के एनएच 33 स्थित पाटा टोल प्लाजा के उदघाटन के पांच दिनों के बाद भी स्थानी लोगों से टोल टैक्स वसूला जा रहा है। इससे लोगों में नाराजगी अब चरम पर पहुंच गई है। कई राजनीतिक दल के नेताओं ने टोल प्लाजा पर जाकर विरोध के नाम पर फोटो खिंचवाये और चलते बने लेकिन इसका अब तक कोई सकारात्मक ठोस पहल नहीं दिखाई दिया। शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि 6 अगस्त से चांडिल अनुमंडल कार्यालय के फास्ट टैग के लिए कैंप लगेगा। फास्ट टैग लगने के बाद टोल टैक्स नहीं लगेगा। जिसके बाद कई लोग अपना काम काज को छोड़कर वाहन लेकर अनुमंडल कार्यालय पहुंचे तथा घंटो इंतजार करने के बाद भी टोल प्लाजा का कोई कर्मी नहीं आया तो लोग मायूस होकर व्यवस्था और जनप्रतिनिधि को कोसते हुए वापस अपने घर लौट गए। इधर शनिवार को पांचवे दिन भी पाटा टोल प्लाजा से टोल टैक्स लिया गया जिसको लेकर टोल कर्मी और स्थानीय लोगों के बीच काफी बकझक भी हुआ। लोग 20 किलोमीटर के परिधि में आने वाले वाहनों को टोल टैक्स से मुक्त करने की मांग कर रहे है।
