पोटका के कलिकापुर बाजार में होटल में दो गैस सिलेंडर ब्लास्ट, आग में जलकर राख हुआ होटल

Spread the love

जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत कलिकापुर बाजार में रविवार को उस समय अफरा- तफरी मच गई जब एक होटल में लगातार दो गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गए. धमाके के बाद उठी आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा होटल जलकर राख हो गया. बताया जा रहा है कि होटल में उस समय खाने के आइटम तैयार किए जा रहे थे. इसी दौरान गैस सिलेंडर के रेगुलेटर के पास अचानक आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया. स्थिति को भांपते हुए होटल के स्टाफ और वहां मौजूद ग्राहक तुरंत बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई. स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई. कुछ ही देर में आग की चपेट में पास में रखा दूसरा सिलेंडर भी आ गया, जिससे लगातार दो सिलेंडर ब्लास्ट हो गए और होटल पूरी तरह जलकर खाक हो गया. हालांकि समय रहते दो अन्य सिलेंडरों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी गई. दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. होटल के आसपास कई घर होने के कारण आग के फैलने की आशंका थी, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता और दमकल की तत्परता से आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया गया. फिलहाल इस घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *