धनबाद के मैथन में गौ तस्करी पर पुलिस का बड़ा एक्शन, गोवंश लदा ट्रक जब्त; 36 गोवंश बरामद

धनबाद के निरसा में गौ तस्करी के खिलाफ मैथन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवार शाम गोवंश लदे एक ट्रक को जब्त किया है। ट्रक से 36 गोवंश बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गोवंशों को दूसरे राज्यों से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। बंगाल सीमा में प्रवेश करने से पहले ही मैथन पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

मैथन पुलिस की गौ तस्करी के खिलाफ यह लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। मंगलवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में गोवंशों को लादकर पश्चिम बंगाल की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन की घेराबंदी कर उसे रोक लिया।

जांच के दौरान ट्रक से 36 गोवंश बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, गोवंशों को ट्रक में क्रूर तरीके से लादा गया था। सभी गोवंशों को ट्रक से उतारकर धनबाद गौशाला भेज दिया गया है।

हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब ट्रक के नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी संख्या में गोवंशों को कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *