
जमशेदपुर के परसुडीह इलाके में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर दिखने लगा है। सड़क, नाला और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर सामाजिक संस्था बंग बंधु ने एक दिवसीय धरना दिया। परसुडीह मुख्य सड़क पर आयोजित इस धरना प्रदर्शन में संस्था के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क की हालत बद से बदतर हो चुकी है, जिससे आम लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।साथ ही, इलाके में नालों की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण गंदगी और जलजमाव की समस्या बनी रहती है। स्वच्छ पेयजल की अनियमित सप्लाई भी लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों ने जनप्रतिनिधियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे इन समस्याओं को लेकर पूरी तरह उदासीन बने हुए हैं। इसके अलावा, क्षेत्र में कचरे के ढेर से भी लोगों का जीना दूभर हो गया है। संस्था ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
