जमशेदपुर: सुंदरनगर में चिप्स गोदाम में भीषण आग, लाखों का नुकसान—दमकल की 5 गाड़ियां जुटीं

Spread the love

जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र स्थित हाता रोड पर शनिवार दोपहर एक चिप्स और कुरकुरे के गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कृष्णा ढाबा के समीप स्थित ‘सौरभ इंटरप्राइजेज’ नामक इस गोदाम में अचानक उठती लपटों और घने धुएं को देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया, जिसके बाद दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री भरी होने के कारण आग तेजी से फैलती गई, जिससे आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो सकी थी।
दमकल कर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गोदाम का गेट और छत काटकर अंदर प्रवेश किया और अंदर से आग बुझाने का प्रयास किया। उनकी सूझबूझ और तत्परता के चलते आग आसपास के रिहायशी इलाकों तक नहीं फैल पाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना स्थल पर सुंदरनगर थाना की पुलिस भी पहुंची और स्थिति पर नजर बनाए रखी। गोदाम मालिक के अनुसार आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है, हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन अभी नहीं किया जा सका है। पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और सभी आग बुझने का इंतजार करते रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *