जमशेदपुर में बंद घर की छत काटकर 15 लाख की चोरी, बागबेड़ा में सनसनी

Spread the love

बागबेड़ा थाना क्षेत्र के पूर्वी घाघडीह पंचायत स्थित मां तारानी कॉलोनी में चोरों ने एक दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। गौरांग मंडल के बंद घर की छत काटकर चोरों ने करीब 15 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त पूरा परिवार घाटशिला के सुरदा गांव गया हुआ था। बीते शनिवार को गौरांग के पिता का निधन हो गया था, जिनके श्राद्ध कर्म के लिए परिवार ने बैंक से 1.5 लाख नगद निकाले थे। बुधवार को होने वाले कार्यक्रम से पहले ही चोरों ने सूने घर को निशाना बनाया। चोरों ने छत का टीन काटकर प्रवेश किया और घर के अंदर के दरवाजों, अलमारी, पलंग और लॉकर को तोड़ डाला। परिजनों के अनुसार, चोर 1.5 लाख नगद के अलावा सोने की चेन, कान के जेवर, चांदी के बर्तन और भगवान की मूर्ति ले उड़े। इसके अलावा, घर से चल रहे कपड़े के व्यवसाय से कीमती साड़ियां और जींस भी चोरी कर ली गई हैं। शुक्रवार सुबह परिजन लौटे, तो घर का मंजर देख दंग रह गए। स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्ती पर नाराजगी जाहिर की है। बागबेड़ा थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *