
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित कुम्हारपाड़ा की युवती मेहंदी कुमारी पर खौलती चाय फेंकने की घटना के विरोध में शहर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को झारखंड क्षत्रिय संघ की सोनारी इकाई के बैनर तले लोगों ने रैली निकालकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। रैली में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं और दोषियों को फांसी देने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने डीसी कार्यालय और एसएसपी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा तथा प्रशासन से पीड़िता के इलाज का पूरा खर्च उठाने की भी मांग की।
लोगों का कहना है कि यह घटना बेहद भयावह है, लेकिन अब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे आमजन में नाराजगी है। वहीं सोशल मीडिया पर भी मेहंदी को न्याय दिलाने की मुहिम तेज हो गई है।
इधर, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पीड़िता के इलाज को लेकर आश्वासन दिया है कि आर्थिक तंगी आड़े नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि इलाज पूरी तरह जारी रहेगा और खर्च की व्यवस्था वे स्वयं करेंगे। टाटा स्टील प्रबंधन ने भी बकाया बिल के बावजूद इलाज जारी रखने पर सहमति जताई है।
गौरतलब है कि 6 अप्रैल की रात बिष्टुपुर क्षेत्र में चाय दुकान पर काम करने वाली मेहंदी पर बदमाशों ने खौलती चाय फेंक दी थी और दुकान में तोड़फोड़ भी की थी। घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गई है और टाटा मेन हॉस्पिटल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने अब तक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
