
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित ब्लड बैंक के पास बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने 5 से 6 दुकानों में आग लगा दी। आग लगने से दुकानों में रखा सामान जलकर राख हो गया, जिससे प्रत्येक दुकानदार को लगभग 2 से 3 लाख रुपये तक का नुकसान होने का अनुमान है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। आगजनी की इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग किसने और किन कारणों से लगाई। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है।
घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
