एलपीजी टैंकर की जोरदार टक्कर से 50 साल पुराना मंदिर ध्वस्त, गैस लीक नहीं होने से टला बड़ा हादसा

कटिहार के कुरसेला थाना क्षेत्र में एनएच 31 पर ग्वालटोली के पास एक बड़ा हादसा हो गया। एलपीजी गैस टैंकर की जोरदार टक्कर से सड़क किनारे बना करीब 50 साल पुराना बाबा बजरंगबली मंदिर पूरी तरह ध्वस्त हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मंदिर का पूरा परिसर देखते ही देखते मलबे में बदल गया। हादसे में मंदिर में स्थापित बजरंगबली की मूर्ति भी प्रभावित हुई है। बताया जा रहा है कि एलपीजी गैस टैंकर नवगछिया की ओर से आ रहा था। ग्वालटोली के पास अचानक टैंकर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित मंदिर में जा घुसा। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों और दुकानों से निकलकर मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुड़ गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों की सबसे बड़ी चिंता टैंकर में भरी एलपीजी गैस को लेकर थी हालांकि राहत की बात यह रही की टक्कर के बाद भी टैंकर से गैस का रिसाव नहीं हुआ। गैस लीक होने की स्थिति में एनएच 31 के आसपास बड़ा खतरा पैदा हो सकता था। इस वजह से हादसे के बाद कुछ देर तक लोगों के बीच दहशत का माहौल बना रहा। करीब पांच दशक पुराने मंदिर के अचानक ध्वस्त हो जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी भी है। लोगों का कहना है कि मंदिर से स्थानीय लोगों की आस्था जुडी हुई थी लोगों ने प्रशासन से घटनास्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मंदिर के पुनर्निर्माण की दिशा में पहल करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस टैंकर के अनियंत्रित होने के कारणों की जांच कर रही है साथ ही चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल गैस रिसाव नहीं होने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *