विधायक सरयू राय की यजमानी में शुरू हुई 26वीं श्री रामार्चा पूजा, 21 नवंबर को होगा महाप्रसाद वितरण


जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की प्रमुख यजमानी में शुक्रवार सुबह आठ बजे से 26वीं श्री रामार्चा पूजा विधि-विधान के साथ शुरू हुई। पूजा में सरयू राय अपने परिजनों के साथ मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों ने भी भाग लिया।
गौरीकांत जी की देखरेख में आयोजित पूजा का संपूर्ण विधान पांच स्थानीय विद्वान पंडितों विनोद पांडेय, धनजी पांडेय, घनश्याम मिश्रा, उपेंद्र मिश्रा और नवीन पांडेय द्वारा संपन्न कराया जा रहा है। अनुष्ठान के लिए विशेष बेदी का निर्माण किया गया है। निर्धारित धार्मिक विधान के अनुसार पूजा चार आवरणों में संपन्न होगी।
पहले आवरण में 39 से अधिक देवी-देवताओं की आराधना की जाएगी। दूसरे आवरण में नवग्रह, मंत्री, भगवान शिव सहित अन्य प्रमुख देवताओं का पूजन होगा। तीसरे आवरण में भगवान श्रीराम के संपूर्ण परिवार, हनुमान जी और राजा दशरथ की पूजा की जाएगी। वहीं, चौथे आवरण में भगवान श्रीसीताराम की विशेष आराधना होगी।
पूजन के उपरांत श्री रामार्चा पूजा के धार्मिक महत्व और माहात्म्य का वर्णन किया जाएगा। इसके बाद हवन और आरती के साथ अनुष्ठान का समापन होगा।
विधायक सरयू राय ने बताया कि बारिश की संभावना को देखते हुए 21 नवंबर को होने वाले महाप्रसाद वितरण के स्थल में बदलाव किया गया है। अब बिष्टुपुर स्थित मिलानी हॉल में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से मिलानी हॉल पहुंचकर महाप्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *