
जमशेदपुर:ACB रेड रिम्स जमीन घोटाले में गिरफ्तार रांची सदर के तत्कालीन एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन के मानगो स्थित आवास पर शुक्रवार को एसीबी ने छापेमारी की. एसीबी डीएसपी इंद्रदेव राम के नेतृत्व में सुबह करीब 9:30 बजे पांच वाहनों से टीम मानगो एनएच स्थित सन सिटी कॉलोनी के बंगला नंबर 173 पहुंची. मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई कार्रवाई के दौरान बंगले के मुख्य गेट का ताला कटवाकर टीम अंदर दाखिल हुई. तलाशी के दौरान अलमारी का लॉक नहीं खुलने पर मिस्त्री बुलाकर उसे भी कटवाया गया. एसीबी ने अलमारी सहित घर के विभिन्न हिस्सों में रखे दस्तावेजों की जांच की और कई महत्वपूर्ण कागजात जब्त किए. अचानक हुई छापेमारी से कॉलोनी में हलचल मच गई. गौरतलब है कि रिम्स जमीन घोटाले में एसीबी अब तक सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. इनमें पूर्व एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन, तत्कालीन जिला अवर निबंधक अविनाश कुमार सहित अन्य आरोपी शामिल हैं. गुरुवार को बेरमो एसडीओ मनोज कुमार को भी गिरफ्तार किया गया था. फिलहाल एसीबी जब्त दस्तावेजों की जांच कर रही है. छापेमारी में मिले कागजात से संबंधित विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है.