एमजीएम थाना पुलिस ने ऑनलाइन जुआ गिरोह का किया भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार


जमशेदपुर: अपराध नियंत्रण, जुआ एवं लॉटरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से एमजीएम थाना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सिमुलडांगा स्थित एनएच-73 के किनारे एक सुनसान स्थान पर खड़ी अर्टिगा कार से ऑनलाइन जुआ संचालित कर रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया किगश्ती के दौरान कार के अंदर बैठे तीन युवक मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन लिंक से जुआ खेलते हुए तथा उसका स्कोर कॉपी में दर्ज करते हुए पाए गए। पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर आईडी-पासवर्ड के माध्यम से ऑनलाइन जुआ खेलने और उससे अवैध कमाई करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार महतो, रोहित गुप्ता उर्फ सेठबाज उर्फ बिट्टू तथा कृष्णा कर्मकार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से कुल 1,18,490 रुपये नकद, दो आईफोन सहित चार मोबाइल फोन, एक अर्टिगा कार, सोने-चांदी के आभूषण तथा जुए का हिसाब-किताब लिखी एक कॉपी बरामद की है।
बरामद नकदी में विकास कुमार महतो के पास से 97,920 रुपये, कृष्णा कर्मकार के पास से 10,570 रुपये तथा रोहित गुप्ता के पास से 10,000 रुपये मिले हैं। इसके अलावा एक आईफोन-13, एक आईफोन-17 प्रो मैक्स, अन्य मोबाइल फोन, एक सोने की चेन, सोने की अंगूठी और चांदी का ब्रेसलेट भी जब्त किया गया है।
पुलिस जांच में आरोपियों के मोबाइल फोन से ऑनलाइन जुआ, सट्टा और आईपीएल गेम खेलने व खिलाने वाले गिरोह से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं। साथ ही बैंक एवं यूपीआई ट्रांजेक्शन के स्क्रीनशॉट के माध्यम से लेन-देन की जानकारी भी प्राप्त हुई है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके सरगना तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *