
जमशेदपुर सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में जमशेदपुर पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित टोल प्लाजा के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परसुडीह निवासी टीटू शर्मा, मनोज सरकार, शंकर मुंडा और सिदगोड़ा निवासी दीपू ओझा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, फायरिंग की घटना के बाद आरोपी दो वाहनों से जमशेदपुर से फरार हुए थे। रास्ते में एक वाहन खराब हो जाने के बाद सभी आरोपी दूसरे वाहन से रायपुर की ओर आगे बढ़ रहे थे। तकनीकी निगरानी और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने उनकी गतिविधियों का पता लगाया और रायपुर टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस को इन आरोपियों की भूमिका फायरिंग की कथित साजिश में सामने आने की जानकारी मिली है। हालांकि, रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर गोली चलाने वाले प्रत्यक्ष शूटरों में इन चारों के शामिल होने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के जरिए मुख्य शूटरों, घटना की पूरी साजिश और फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि 26 सितंबर को बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में फायरिंग की घटना हुई थी। घटना के दौरान करीब 11 राउंड गोली चलने की जानकारी सामने आई थी। गोलीबारी में डोमनिक सैमसन, रिजवान, दिलशाद और कृष्णा चौधरी घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया था।
चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब इस मामले में मुख्य शूटरों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।