कपाली में झाड़ियों में लगी आग से अफरा-तफरी, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा

Spread the love

सरायकेला जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित भाभी होटल के समीप सोमवार को अचानक झाड़ियों में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया. हालांकि प्रशासन और दमकल विभाग की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कपाली ओपी के पास हिदायतुल्लाह खान की चारदीवारी से घिरी जमीन के भीतर मौजूद सूखी झाड़ियों में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगा दी गई. शुरुआत में आग छोटी थी, लेकिन सूखी घास और झाड़ियों के कारण देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया. कुछ ही देर में झाड़ियां धू-धू कर जलने लगीं. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने कपाली ओपी पुलिस को जानकारी दी. ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए अग्निशमन विभाग को सूचना दी. दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें बढ़ने से आसपास के घरों और दुकानों को खतरा उत्पन्न हो गया था. यदि समय पर आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो बड़ी क्षति हो सकती थी. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी संपत्ति नुकसान की सूचना नहीं है. पुलिस ने आशंका जताई है कि आग जानबूझकर लगाई गई हो सकती है. मामले की जांच की जा रही है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि खुले स्थानों पर कचरा या सूखी झाड़ियों में आग न लगाएं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *