चाईबासा पश्चिमी सिंहभूम जिले की मनोहरपुर पुलिस ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है.

यह कार्रवाई 23 दिसंबर 2025 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई. मनोहरपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मयंक प्रसाद सशस्त्र बल के साथ रामधानी चौक के पास गश्त कर रहे थे. इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम नंदपुर के सुरीन टोला के पास दो संदिग्ध व्यक्ति किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस वाहन को देखते ही दोनों संदिग्ध खेतों की ओर भागने लगे, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने घेराबंदी कर उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्जन जाते उर्फ दुर्गा जाते (29), पिता करम सिंह जाते, निवासी डिम्बुली टोला, मनोहरपुर और विमल नाग (22), पिता पस्कल नाग, निवासी राईबेड़ा, गोईलकेरा के रूप में हुई है. स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में तलाशी लेने पर दुर्जन जाते के पास से लाल रंग का प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन का एक पर्चा बरामद किया गया. वहीं विमल नाग के पास से एक काले रंग का कीपैड मोबाइल फोन जब्त किया गया. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी प्रतिबंधित संगठन से जुड़े हुए थे और क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *