
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस और सीआरपीएफ को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने नक्सलियों का 10 लाख 50 हजार रुपए नगद, लेवी वसूलने की रसीद और विस्फोटक सहित अन्य सामान बरामद किया है। पत्रकारों को जानकारी देते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि 22 मार्च को सारजोमबुरू गांव से राजेश देवगम और उसके भाई जयपाल देवगम को गिरफ्तार किया गया था, दोनों भाई ग्रामीण मुंडा ममता देवगम के पुत्र हैं। इनसे जानकारी मिली कि टोंटो थाना क्षेत्र के वनग्राम जिमकी ईकिर और राजाबासा के आसपास सिर्फ नक्सलियों द्वारा पूर्व में प्राप्त लेवी का पैसा छुपा कर रखा गया है। एसपी ने बताया कि 23 मार्च को विशेष अभियान संचालित कर पहाड़ी क्षेत्र से 10 लाख 50 हजार नगद, विस्फोटक और दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया गया।