
सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती में 25 सितंबर की रात हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सोमवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश चंद्र नायक उर्फ कालिया और 19 वर्षीय डब्लू महतो उर्फ पद्मलोचन मोहंता शामिल हैं. मालूम हो कि 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे मुस्लिम बस्ती में कल्लू खान के घर पर शेख अजहरुद्दीन, कादिम खान, प्रकाश चंद्र नायक उर्फ कालिया और अन्य लोगों के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान अब्दुल जाफर को गोली मार दी गई. गोली उसके सिर को छूते हुए निकल गई थी. घायल अब्दुल को इलाज के लिए जमशेदपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना के बाद आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 269/2026 दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए डब्लू महतो उर्फ पद्मलोचन मोहंता को ओडिशा से गिरफ्तार किया. इसके बाद प्रकाश चंद्र नायक को भी गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे अवैध धंधे से प्राप्त पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद की बात सामने आई है. पुलिस इस पूरे नेटवर्क और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है. एसडीपीओ के अनुसार गिरफ्तार प्रकाश चंद्र नायक मूल रूप से ओडिशा के नयागढ़ जिले के ओड़गांव थाना क्षेत्र का रहने वाला है. उसका पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस के मुताबिक वह हत्या और लूट के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है. एसडीपीओ ने मामले के अन्य नामजद आरोपियों में कादिम खान और अहरुद्दीन को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है. फिलहाल मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस अब गोलीबारी में इस्तेमाल हथियार, अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े पूरे घटनाक्रम की कड़ी जोड़ने में जुटी है.
अनुभव भारद्वाज (एसडीपीओ)