जमशेदपुर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा ने SSP को सौंपा ज्ञापन


जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जमशेदपुर को शहर की कानून-व्यवस्था में सुधार और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
हाल के दिनों में शहर में हुई आपराधिक घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। पार्टी ने केनरा बैंक डकैती, बिंदल मॉल के समीप हुई फायरिंग समेत अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल अपराधियों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
भाजपा ने मानगो, गोलमुरी, सिदगोड़ा, साकची, बिष्टुपुर और जुगसलाई सहित प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील इलाकों में विशेष रूप से शाम से देर रात तक पुलिस गश्ती बढ़ाने की आवश्यकता बताई। साथ ही शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की समीक्षा कर उन्हें दुरुस्त एवं प्रभावी बनाने तथा निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग भी की गई।
ज्ञापन में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार, अवैध लॉटरी नेटवर्क और इनके संचालन में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा व्यापारियों और आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने की मांग रखी गई।
भाजपा नेताओं ने यह भी कहा कि कानून एवं यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के दौरान पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों का व्यवहार आम नागरिकों एवं दुकानदारों के प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक होना चाहिए। साथ ही प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में स्थानीय व्यापारिक संगठनों के साथ नियमित समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था की समय-समय पर समीक्षा किए जाने की भी मांग की गई।
पार्टी ने उम्मीद जताई कि पुलिस प्रशासन शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाएगा और नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *