
जमशेदपुर: वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर पूर्वी सिंहभूम जिले के नगर क्षेत्र मे रात व्यापक पुलिस गश्ती अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पुलिस अधिकारियों ने किया, जिसमें टाइगर मोबाइल, टैंगो मोबाइल, माइक वाहन, हाईवे पेट्रोलिंग टीम तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों की गश्ती दलों को शामिल किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों तथा गली-मोहल्लों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच भी की तथा लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर निगरानी और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से यह विशेष गश्ती अभियान चलाया गया। देर रात तक चले इस अभियान के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी देखने को मिली।
जमशेदपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इसी तरह के सघन गश्ती अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।