
जमशेदपुर के कोवाली थाना क्षेत्र स्थित बानाकाटा जंगल में मिले अज्ञात शव मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त कार, स्टील पाइप, मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 1 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि बानाकाटा जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मामले में मृतक के बड़े भाई जितेंद्र शर्मा ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। इसके बाद कोवाली थाना में कांड संख्या 38/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर हत्या की साजिश में शामिल चार लोगों को 6 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बागबेड़ा निवासी मिंटू साव, कोवाली के बड़ा बागलाता निवासी सुंदर दास और आकाश दास तथा सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र निवासी परशुराम दास शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की मारुति एक्सएल-6 कार, दो स्टील पाइप, चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा हत्या के एवज में दिए गए पैसों में से 20 हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी मिंटू साव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में पोटका थाना में हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।