सोनारी चेन स्नैचिंग कांड का तीसरा आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई सोने की चेन बरामद

Spread the love


जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना में पुलिस ने फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर महिला से छीनी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार, 31 जुलाई को कदमा निवासी 58 वर्षीय अर्चना श्रीवास्तव ने सोनारी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि शाम करीब 4:30 बजे ए रोड सोनारी से अपने घर लौटने के दौरान एच रोड के पास पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और कदमा की ओर भागने लगे। इसी दौरान उनकी बाइक एक छोटे हाथी वाहन से टकरा गई, जिससे दोनों आरोपी सड़क पर गिर पड़े। हालांकि, वे अपनी बाइक मौके पर छोड़कर पैदल ही फरार हो गए।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इस वारदात में कुल तीन अपराधी शामिल थे। दो आरोपी बाइक पर सवार होकर चेन छीनने की घटना को अंजाम दे रहे थे, जबकि तीसरा आरोपी आसपास रहकर पुलिस और लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। पुलिस ने पहले ही पंकज हरपाल और रोहित मुर्मू को गिरफ्तार कर 6 अगस्त को जेल भेज दिया था।
मामले का तीसरा आरोपी रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल लगातार फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे बिरसानगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर बिरसानगर जोन नंबर-6 स्थित उसके घर से महिला की छीनी गई सोने की चेन बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी रोहित कर्मकार (24) के खिलाफ चेन स्नैचिंग, लूट और अन्य आपराधिक मामलों के कई पुराने केस भी दर्ज हैं। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *