
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबोहनी स्थित साई कृष्णा हेवन सिटी अपार्टमेंट में गुरुवार को एक 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में हुई है, जो सतबोहनी क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार खुशबू गुरुवार को साई कृष्णा हेवन सिटी पहुंची थी। प्रवेश द्वार पर तैनात सुरक्षा गार्ड को उसने फ्लैट नंबर 515 में अपने किसी परिचित से मिलने जाने की बात कही, जिसके बाद उसे अंदर जाने दिया गया। कुछ ही देर बाद अपार्टमेंट परिसर में उसके नीचे गिरने की सूचना मिली। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और युवती के शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं घटना की खबर मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि खुशबू फ्लैट नंबर 515 में किससे मिलने गई थी और वहां उसके साथ क्या घटनाक्रम हुआ। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवती का फ्लैट में रहने वाले लोगों से क्या संबंध था और घटना से पहले वहां क्या स्थिति बनी थी।
फिलहाल मामले को आत्महत्या की आशंका से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और सभी तथ्यों के सामने आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस अपार्टमेंट के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ फ्लैट में मौजूद लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।