रामगढ़ में सीमेंट एवं इस्पात फैक्ट्री के पावर प्लांट में विस्फोट, तीन मजदूरों की मौत

Spread the love


रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र स्थित माँ छीन्मस्तिका सीमेंट एंड इस्पात फैक्ट्री मेंबड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। फैक्ट्री के पावर प्लांट में लगे टरबाइन और पैनल में हुए भीषण विस्फोट के कारण तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कर्मी का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
मृतकों की पहचान विनीत महतो, संजीव केशरी और अभिषेक पांडेय के रूप में हुई है। वहीं तरुण रवानी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मजदूरों में भारी आक्रोश देखा गया।
घटना को लेकर पावर प्लांट के टेक्निकल इंजीनियर अमित कुमार ने बताया कि पावर प्लांट के टरबाइन में तकनीकी खराबी आने के बाद पैनल में जोरदार विस्फोट हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है। पावर प्लांट के इंजीनियर आलोक तिवारी ने भी हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि चार कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए, जिनमें से तीन की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू कर दी। फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से फिलहाल आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं मृतकों के परिजनों और मजदूरों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री रुंगटा ग्रुप के अधीन संचालित होती है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *