
बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र में लगातार हुई गृहभेदन की तीन वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घर की खिड़की तोड़कर ज्वेलरी, नगद और मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह के छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया गया है।
दरअसल, 22 जुलाई, 14 अगस्त और 15 अगस्त की रात चास थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने ने घर की खिड़की तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। तीनों मामलों में चास थाना में अलग-अलग कांड दर्ज किए गए थे।
घटनाओं के उद्भेदन के लिए बोकारो पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक, सदर चास के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में गौतम बाउरी उर्फ मिरीण्डा, राहुल कुमार बाउरी, रवि कुमार पाण्डेय, प्रिंस कुमार उर्फ कृष, अमन राज उर्फ मनीष कुमार और कृष्णा कुमार पॉल शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 7 मोबाइल फोन, सोने जैसा सात पीस कंगन, 3.50 ग्राम गला हुआ सोना जैसा धातु, लोहे का चापड़, छोटा तौलने वाला मशीन और पांच रुपये के 12 नोट यानी 60 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी गौतम बाउरी का पहले से भी चोरी और सेंधमारी से जुड़े दो मामले चास थाना में दर्ज हैं।
चास के एएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि 14 और 15 की रात दुकान और घर में भी चोरी के सभी सामानों को बरामद किया गया है।उन्होंने माना कि पुलिस बल की कमी के कारण इस तरह की घटना घट रही है। श्रवण ड्यूटी लगने के कारण पुलिस बल की कमी हुई है।