रामगढ़ गिद्दी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, दो घायल; हथियार व गोली बरामद

Spread the love

गिद्दी पुलिस को सूचना मिली कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे के कुछ गुर्गे मोटरसाइकिल से गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी एवं ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए गिद्दी थाना पुलिस, उरीमारी थाना प्रभारी एवं सशस्त्र बल के जवानों की टीम तत्काल रवाना हुई।

पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर पुराना कांटा घर रोड के आसपास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान करीब 3:30, 4 बजेभुरकुंडा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। भागने के दौरान मोटरसाइकिल गिर गई और तीनों जंगल की ओर भागने लगे।

पुलिस के अनुसार, जंगल में पहुंचने के बाद अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो अपराधी घायल हो गए। घायल अपराधियों की पहचान बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर के रूप में हुई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया है।

वहीं, तीसरा अपराधी जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने घटनास्थल से दो हथियार, गोलियां, खोखा, आपत्तिजनक पर्चा एवं मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस द्वारा फरार अपराधी की गिरफ्तारी के लिए इलाके में अभियान चलाया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *