
धनबाद के बैंक मोर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह आग लगने से क्षेत्र में अपरा तफरी गुरुद्वारा के सामने स्थित चौधरी स्वीट्स में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें उठते ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी, जिसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब सात बजे दुकान से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। दुकान संचालक ने इस घटना में करीब पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। दुकान संचालक का कहना है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी, जबकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि तेल गर्म करने के दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने के कारण हादसा हुआ। लोगों ने यह भी बताया कि दुकान के बाहर अवैध रूप से बड़े चूल्हों का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे भविष्य में भी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की गंभीर जांच और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल फायर ब्रिगेड और प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।