बिष्टुपुर के धतकीडीह में दिनदहाड़े फायरिंग से सनसनी, दो आरोपी हिरासत में; पुलिस जांच तेज

Spread the love

जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धतकीडीह के कुरैशी मोहल्ला में रविवार दोपहर अचानक फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। दिनदहाड़े चली गोली की आवाज सुनते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
जानकारी के अनुसार कुछ युवक गामा होटल के पास पहुंचे और वहां पहुंचते ही हथियार लहराते हुए दहशत फैलाने की कोशिश की। इसी दौरान एक राउंड हवाई फायरिंग की गई। अचानक हुई इस घटना से बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने तत्काल दुकानें बंद करनी शुरू कर दीं, जबकि राहगीर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनके पास से घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद किया गया है।
सूत्रों के अनुसार इस मामले में गोरा नामक अपराधी का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए कपाली क्षेत्र में भी छापेमारी की।
फिलहाल फायरिंग के पीछे रंगदारी, आपसी रंजिश या इलाके में दबदबा कायम करने की कोशिश जैसे कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से किसी कारण की पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत है। लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह फायरिंग होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *