
चाईबासा: जिले के मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत सारंडा जंगल में आईईडी ब्लास्ट की चपेट में आने से एक जंगली हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया है. उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है और वन विभाग की टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है.
जानकारी के अनुसार रविवार शाम जराइकेला थाना क्षेत्र के कोलबोंगा गांव के पास अंकुआ कंपार्टमेंट संख्या-48 के जंगल में कुछ ग्रामीण मछली पकड़ने गए थे. इसी दौरान उन्होंने हाथी को घायल अवस्था में देखा और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी.
वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक दो दिन पहले चिरिया ओपी क्षेत्र के पोंगा जंक्शन के पास जंगल में ब्लास्ट की घटना सामने आई थी. आशंका जताई जा रही है कि उसी विस्फोट में यह हाथी घायल हुआ है.
वहीं मनोहरपुर प्रखंड के पशुपालन पदाधिकारी डॉ. संजय घोलटकर के अनुसार हाथी कई दिन पहले ही घायल हुआ था. फिलहाल हाथी की स्थिति काफी गंभीर है और वह चलने- फिरने में भी असमर्थ बताया जा रहा है.
वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और उसे बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं. हालांकि उसकी स्थिति को देखते हुए बचने की संभावना कम बताई जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर जंगल क्षेत्रों में आईईडी जैसे खतरनाक विस्फोटकों के खतरे को उजागर कर दिया है, जिससे वन्यजीवों पर भी गंभीर असर पड़ रहा है.
