जमशेदपुर में गांजा तस्करी का खुलासा, 4.30 किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर: वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को 22 अप्रैल शाम करीब 7:45 बजे गुप्त सूचना मिली कि एक युवक खालसा स्कूल, टिनप्लेट के पास मादक पदार्थ (गांजा) बेचने के लिए पहुंचा है। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-01) के निर्देशन में छापेमारी टीम का गठन किया गया।
टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना के अनुसार हुलिया से मिलता-जुलता एक युवक दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने के दौरान टाइगर मोबाइल के आरक्षी शम्स तबरेज खुर्शीद को हल्की चोट भी लगी, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम मनीष मुखी उर्फ बिट्टू मुखी (24 वर्ष), पिता मकरध्वज मुखी, निवासी ट्रैफिक कॉलोनी, गुदड़ी मार्केट, थाना बागबेड़ा बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सफेद झोले में रखे चार पैकेट बरामद किए गए, जो भूरे प्लास्टिक में लिपटे हुए थे। जांच में यह गांजा पाया गया।
एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत दंडाधिकारी की मौजूदगी में बरामद सामग्री को विधिवत जब्त कर सील किया गया। आरोपी ने पूछताछ में अपने तीन अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
इस संबंध में सिदगोड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
बरामद सामान:
करीब 4 किलो 30 ग्राम गांजा (चार पैकेट में)
मोटरोला कंपनी का मोबाइल फोन
होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर: JH05EE-8424)
अपराधिक इतिहास: आरोपी पूर्व में वर्ष 2017 में मारपीट के एक मामले में बागबेड़ा थाना से जेल जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *