तेज रफ्तार कार ने ली सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता की जान, चालक फरार

Spread the love

जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित डिमना रोड पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता की मौत हो गई। घटना सुबह करीब 7 बजे माउंट व्यू स्कूल के पास हुई, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक ने व्यक्ति को करीब 50 फीट तक घसीट दिया। हादसे के बाद चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। हालांकि मौके पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर चालक वहां से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायल को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान डिमना रोड स्थित सुभाष कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय शशि भूषण के रूप में हुई है, जो सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता थे। परिजनों के मुताबिक, वह गुरुवार सुबह ही दिल्ली से जमशेदपुर लौटे थे और घर से कुछ ही देर में वापस आने की बात कहकर निकले थे, तभी यह हादसा हो गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *