जमशेदपुर में बढ़ती आत्महत्याएं: बिष्टुपुर में फॉगिंग कर्मी ने कार्यस्थल पर लगाई फांसी

Spread the love

जमशेदपुर में आत्महत्या की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे शहर में चिंता का माहौल है। ताजा मामला बिष्टुपुर थाना क्षेत्र का है, जहां एक फॉगिंग कर्मी ने अपने कार्यस्थल पर ही फांसी लगाकर जान दे दी।
मृतक की पहचान धतकीडीह हरिजन बस्ती निवासी 45 वर्षीय मेघु मुखी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बिष्टुपुर के नॉर्दन टाउन स्थित पब्लिक हेल्थ सेंटर में फॉगिंग मशीन चलाने का काम करता था। रोज की तरह वह सुबह घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसने अपने कार्यालय में यह कदम उठा लिया।
जब अन्य कर्मचारी सेंटर पहुंचे, तो उन्होंने मेघु को फंदे से लटका हुआ देखा। इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल, आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पुलिस परिजनों और सहकर्मियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है, ताकि इस कदम के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी सोनारी क्षेत्र में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शहर में चिंता बढ़ा दी है। पारिवारिक तनाव, आर्थिक दिक्कतें और अन्य कारणों को इसके पीछे की संभावित वजह माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *