
सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित गंजिया बैराज में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। स्कूल से निकले पांच छात्र नहाने के लिए बैराज पहुंचे थे, जहां गहरे पानी में जाने से एक छात्र की डूबकर मौत हो गई, जबकि चार अन्य बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया।
मृतक की पहचान जमशेदपुर के धातकीडीह निवासी 17 वर्षीय फहद रहमान के रूप में हुई है, जो आंध्रा स्कूल में 12वीं कक्षा का छात्र था। बताया जा रहा है कि सभी छात्र उस दिन स्कूल नहीं गए थे और घूमने के इरादे से गम्हरिया के बैराज पहुंचे थे। सुबह करीब 11 बजे सभी बच्चे पानी में उतरे, लेकिन कुछ ही देर में वे गहराई की ओर चले गए और डूबने लगे।
घटना को देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई। स्थानीय लोगों ने चार बच्चों को समय रहते पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन फहद रहमान को जब तक निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बच्चे बिना जानकारी दिए स्कूल से निकलकर बैराज पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
