“गुदरी बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान टला: हाई कोर्ट याचिका के बाद 15 दिन की मोहलत”

Spread the love

जमशेदपुर टाटानगर स्थित गुदरी बाजार में बुधवार को रेलवे द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कार्रवाई अंतिम समय में टाल दी गई.
गौरतलब है कि रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम, मजिस्ट्रेट सुदीप्तो राय और भारी पुलिस बल के साथ “श्री लक्ष्मी भंडार” नामक दुकान को हटाने पहुंची थी. कार्रवाई शुरू होने से पहले ही दुकान संचालक मुरारी लाल अग्रवाल ने विरोध जताते हुए बताया कि उन्होंने इस मामले में झारखंड हाई कोर्ट में याचिका दायर की है और मामला अदालत में विचाराधीन है. उन्होंने प्रशासन से स्टे ऑर्डर लाने के लिए 15 दिन का समय देने की मांग की. दुकानदार के इस आग्रह और कोर्ट में लंबित मामले को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर विचार- विमर्श के बाद कार्रवाई को फिलहाल स्थगित कर दिया. मजिस्ट्रेट सुदीप्तो राय ने निर्देश दिया कि दुकानदार को एसडीओ कार्यालय में हलफनामा दाखिल करना होगा.
हलफनामे में यह स्पष्ट करना होगा कि यदि 15 दिनों के भीतर हाई कोर्ट से स्टे ऑर्डर प्राप्त नहीं होता है, तो रेलवे विभाग बिना किसी बाधा के दुकान हटाने की कार्रवाई कर सकेगा.
इस घटना के बाद गुदरी बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. स्थानीय व्यापारियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या अन्य अतिक्रमणकारियों को भी इसी तरह राहत मिलेगी या प्रशासन आगे सख्ती बरतेगा. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रेलवे की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और सभी कार्रवाई कानून के दायरे में ही की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *