बहरागोड़ा में मिला 227 किलो का WWII बम निष्क्रिय, सेना की कार्रवाई से टला बड़ा खतरा”

जमशेदपुर के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत पानीपड़ा-नागुड़साई क्षेत्र में सुवर्णरेखा नदी किनारे मिला विशालकाय बम बुधवार को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया. करीब 227 किलोग्राम वजनी इस शक्तिशाली बम को डिफ्यूज करने के लिए भारतीय सेना की विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया था. सोमवार से ही सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे इलाके को सुरक्षा घेरा बनाकर छावनी में तब्दील कर दिया गया था. आम लोगों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी गई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. सेना की टीम ने दो दिनों तक बम का तकनीकी निरीक्षण किया. इस दौरान उसकी स्थिति, विस्फोटक क्षमता और संभावित प्रभाव क्षेत्र का बारीकी से आकलन किया गया. सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बुधवार को इसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह बम द्वितीय विश्व युद्ध के समय का हो सकता है. दशकों पुराने इस बम में अब भी भारी विस्फोट की क्षमता मौजूद थी, जिससे बड़ा खतरा बना हुआ था.
सेना और प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है. संभावित बड़े हादसे को टालने में यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *