जमशेदपुर सोनारी के दुकानदारों में किराया वृद्धि को लेकर नाराज़गी, लिखित आदेश की मांग

Spread the love

जमशेदपुर के सोनारी स्थित कागलनगर बाजार एवं गुदरी बाजार के दुकानदारों में अचानक किराया बढ़ाए जाने को लेकर नाराज़गी देखी जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि वे वर्षों से टाटा स्टील द्वारा लीज पर दी गई दुकानों का संचालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं और नियमित रूप से निर्धारित किराया भी जमा करते रहे हैं।
दुकानदारों के अनुसार, मार्च 2026 से बिना किसी पूर्व सूचना के जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) के अधिकारियों द्वारा किराया बढ़ाकर मांगा जा रहा है। जब दुकानदारों ने इस बढ़ोतरी का कारण जानने की कोशिश की और यह पूछा कि किस नियम या आदेश के तहत किराया बढ़ाया गया है, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
इसी को लेकर व्यापारियों ने फिलहाल बढ़े हुए किराये का भुगतान रोक दिया है और स्पष्ट किया है कि जब तक उन्हें लिखित आदेश (ऑर्डर कॉपी) नहीं मिल जाता, तब तक वे पुराने किराये का ही भुगतान करना चाहते हैं।
दुकानदारों ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि पुराने किराये को जमा करने के लिए एक व्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे काउंटर, ऑनलाइन, बैंक या पोस्ट ऑफिस के माध्यम से रसीद के साथ भुगतान कर सकें।
व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर स्थिति स्पष्ट करने और उचित समाधान निकालने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *