होली की पूर्व संध्या पर हंसी के रंगों में रंगा जमशेदपुर, मारवाड़ी युवा मंच के हास्य कवि सम्मेलन में गूंजे ठहाके

Spread the love

जमशेदपुर :होली की पूर्व संध्या पर शहर सांस्कृतिक उल्लास और हास्य रस में सराबोर नजर आया, जब मारवाड़ी युवा मंच जमशेदपुर शाखा के तत्वावधान में नरभेराम स्कूल सभागार, बिष्टुपुर में भव्य हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ने न केवल लोगों को ठहाकों से भर दिया, बल्कि सामाजिक सौहार्द, सकारात्मकता और भाईचारे का सशक्त संदेश भी दिया।
देशभर से पधारे चर्चित हास्य कवियों — सुदीप भोला, खुशबू शर्मा, स्वयं श्रीवास्तव, अजात शत्रु तथा विनोद पाल — ने अपनी तीखी व्यंग्य रचनाओं और हास्य से भरपूर कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सभागार बार-बार तालियों और ठहाकों से गूंज उठता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें मंच के पदाधिकारियों एवं शहर के अनेक गणमान्य समाजसेवियों ने सहभागिता निभाई। कवियों की प्रस्तुति के दौरान श्रोताओं की हंसी और तालियों से पूरा सभागार उत्सव स्थल में तब्दील हो गया।
स्वयं श्रीवास्तव की कविताओं ने बांधा समां
स्वयं श्रीवास्तव ने अपनी भावनात्मक और प्रेरणादायी रचनाओं से श्रोताओं को गहराई से प्रभावित किया। उन्होंने कहा—
“पत्थर की चमक है न नगीने की चमक है,
ये चेहरे पर सीना तान के जीने की चमक है,
जो दिख रहा है खून-पसीने की चमक है।”
उन्होंने जीवन, संघर्ष और आत्मबल पर आधारित कई रचनाएं प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी।
सुदीप भोला की पैरोडी पर झूम उठा सभागार
सुदीप भोला ने अपने चिर-परिचित अंदाज में राजनीतिक पैरोडी सुनाकर माहौल को ठहाकों से भर दिया।
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा—
“नमो-नमो के नारे, खूब हुए जयकारे,
बिहार इलेक्शन में खुल गये भंडारे…”
उनकी चुटीली टिप्पणियों पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं।
अजात शत्रु का संचालन और राष्ट्रभाव की कविता
कार्यक्रम का संचालन अजात शत्रु ने किया। उन्होंने देशभक्ति से ओतप्रोत पंक्तियां सुनाते हुए कहा—
“सीमाओं पर तनी हुई भारत की तलवार,
पेशावर की नाक हमने काट दी कितनी बार…”
जिससे सभागार देशप्रेम की भावना से गूंज उठा।
विनोद पाल और खुशबू शर्मा की भावनात्मक प्रस्तुति
कवि विनोद पाल ने समाज को जागरूक करने वाली रचनाएं सुनाईं और युवाओं को सही मार्ग चुनने का संदेश दिया।
खुशबू शर्मा ने मां सरस्वती की वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया और अपनी कविताओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम का आयोजन मारवाड़ी युवा मंच जमशेदपुर शाखा के अध्यक्ष विकास शर्मा के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर हेमंत अग्रवाल, अनूप शर्मा, अश्विनी अग्रवाल, उत्तम शर्मा, प्रकाश बजाज, गोविंद दोदराजका सहित मंच के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।
मारवाड़ी युवा मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों का उद्देश्य समाज को तनावमुक्त करना, साहित्य के माध्यम से भाईचारे को बढ़ावा देना तथा युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में मंच द्वारा और भी बड़े स्तर पर सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रोताओं ने इसे जमशेदपुर के सांस्कृतिक इतिहास की एक यादगार संध्या बताया और आयोजकों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *